रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, डीएम विशाल मिश्रा व एसपी नीहारिका तोमर ने लिया जायजा
22 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा, बर्फ हटाने से लेकर सुरक्षा तक व्यवस्थाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप

रुद्रप्रयाग। आगामी 22 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने संयुक्त टीम के साथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी दिशा में कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस दौरान पैदल मार्ग पर भी निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया।
डीएम ने बताया कि धाम क्षेत्र में इस समय भारी मात्रा में बर्फ जमी हुई है, कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक बर्फ मौजूद है। इसे हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है। धाम में 60 से अधिक श्रमिक और ट्रैक रूट पर 70–75 मजदूर तैनात किए गए हैं। पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही पूरे ट्रेक रूट का पुनर्निर्माण भी पूर्ण कर लिया जाएगा।
एसपी नीहारिका तोमर ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा Indo-Tibetan Border Police के जवानों की तैनाती के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाया जाएगा। सुरक्षा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का उपयोग किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा का संचालन सफलतापूर्वक और व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


