नैनीताल: अपराधियों का काल बनेगा पुलिस का ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’
नैनीताल पुलिस का सघन सत्यापन अभियान प्रारंभ
Nainital News- प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन वेरिफिकेशन ड्राइव’ शुरू कर दी है। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देश पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में यह विशेष अभियान 15 फरवरी 2026 से एक माह तक जनपद भर में चलाया जाएगा।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को विशेष टीमें गठित कर अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के तहत बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, श्रमिकों, छात्रों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाकर रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
होटलों, होम स्टे और हॉस्टलों की गहन जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा फैक्ट्री, धर्मशाला, आश्रम, होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे, हॉस्टल और पेइंग गेस्ट हाउस का रिकॉर्ड तैयार कर सत्यापन किया जा रहा है। निजी और सार्वजनिक संस्थानों, कोचिंग सेंटरों और अन्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा अन्य राज्यों और देशों से पढ़ाई या काम के लिए आए लोगों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित किया जा रहा है।
संदिग्धों पर रहेगी कड़ी निगरानी
पुलिस द्वारा सत्यापन के दौरान संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर रखे जाएंगे। साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाई, एसओजी और एसटीएफ की मदद से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का पूरा विवरण संबंधित थाने में उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


