पिथौरागढ़: बेटे ने पिता पर हथौड़े से किया हमला, इलाज के दौरान मौत
जाख पुरान गांव में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप, आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
पिथौरागढ़,11अप्रैल 2026: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के जाख पुरान गांव में आपसी विवाद के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही पिता पर हथौड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर जाख पुरान गांव में 50 वर्षीय बिशन राम का अपने 28 वर्षीय बेटे गौरव कुमार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर गौरव कुमार ने अपने पिता पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद दोनों पिता-पुत्र रात में सो गए। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर बिशन राम के भतीजे सूरज कुमार ने बच्चे को घर भेजा। बच्चे ने अंदर जाकर देखा तो बिशन राम घायल अवस्था में पड़े थे। इसके बाद सूरज कुमार ने मौके पर पहुंचकर 112 नंबर पर सूचना दी।
घायल बिशन राम को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी में डॉक्टर प्रशांत, नर्सिंग अधिकारी मोनू लुंठी और वार्डबॉय ललित द्वारा उनका उपचार किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार उनके पैर और पसलियों में गंभीर चोटें थीं।
पुलिस ने मृतक के पुत्र गौरव कुमार के खिलाफ धारा 105 बीएनएस के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि शव को मोर्चरी में रख दिया गया है और रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार बिशन राम का बड़ा बेटा दिल्ली में नौकरी करता है और उसका परिवार पिथौरागढ़ के ऐंचोली में रहता है। बिशन राम भी अपनी पत्नी के साथ वहीं रहते थे, जबकि छोटा बेटा गांव में अकेला रहता था। शुक्रवार को बिशन राम गांव गए थे, जहां यह विवाद हुआ और उनकी जान चली गई।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


