चारधाम में संख्या सीमित न करने के फैसले का स्वागत, संगठनों ने सीएम धामी का जताया आभार
मुख्यमंत्री आवास में हुई मुलाकात, यात्रा को सुगम बनाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर जोर
देहरादून,12 अप्रैल 2026: उत्तराखंड सरकार द्वारा चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या सीमित न करने के निर्णय का तीर्थ पुरोहितों, पुजारियों, होटल एवं ट्रैवल संगठनों सहित विभिन्न हितधारकों ने स्वागत किया है। इस निर्णय से जुड़े प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान चारों धामों से जुड़े तीर्थ पुरोहितों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को कपाट खुलने के अवसर पर आमंत्रित भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम एवं सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है और अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की इस महत्वपूर्ण यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील भी की।
चारधाम यात्रा से जुड़े संगठनों ने सरकार के इस फैसले को प्रदेश की आस्था, पर्यटन और अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि इससे स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, परिवहन क्षेत्र और अन्य संबंधित सेवाओं को व्यापक लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने सरकार से यह भी अनुरोध किया कि चारधाम यात्रा और शीतकालीन यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था हमेशा खुली रखी जाए।
प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाती रहेगी। उन्होंने प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों की सराहना भी की।
इस अवसर पर गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित चारधाम से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



मुंबई: सुरों की मल्लिका आशा भोसले (Asha Bhosle) का निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर