उत्तराखंड में अब रोजाना 2650 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की होगी आपूर्ति, रेस्टोरेंट- होटल को प्राथमिकता
अब रोजाना 2650 सिलेंडरों की होगी आपूर्ति
रेस्टोरेंट, होटल और पर्यटन कारोबार को प्राथमिकता के आधार पर होगी गैस आपूर्ति
तीन तेल कंपनियां करेंगी वितरण, जिलों के अनुसार तय किया गया आवंटन
देहरादून। प्रदेश सरकार ने पर्यटन और अन्य जरूरी व्यवसायों को व्यावसायिक गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मानक प्रचालन कार्यविधि (एसओपी) जारी कर दी है। खाद्य-नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार राज्य में प्रतिदिन 2650 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा।
जारी एसओपी के तहत विभिन्न पर्यटन और औद्योगिक श्रेणियों को जरूरत के अनुसार 20 प्रतिशत व्यावसायिक गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों (37 प्रतिशत) को दिया जाएगा, जबकि अन्य संस्थानों के लिए भी अलग-अलग प्रतिशत तय किया गया है।
खाद्य-नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव आनंद स्वरूप की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पर्यटन गतिविधियों और चारधाम यात्रा के दौरान राज्य में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य पर्यटन व्यवसायों में कमर्शियल एलपीजी की मांग तेजी से बढ़ जाती है। कई बार आपूर्ति बाधित होने से पर्यटन कारोबार प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप यह एसओपी तैयार की गई है।
सरकार के अनुसार व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का वितरण विभिन्न क्षेत्रों की प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
विभिन्न क्षेत्रों को सिलेंडरों का आवंटन
एसओपी के अनुसार प्रतिदिन 2650 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों का वितरण इस प्रकार किया जाएगा—
रेस्टोरेंट व ढाबे – 1000 सिलेंडर (37%)
होटल व रिजॉर्ट – 750 सिलेंडर (28%)
फार्मास्युटिकल (लाइफ सेविंग ड्रग) – 190 सिलेंडर (7%)
सरकारी गेस्ट हाउस – 150 सिलेंडर (6%)
औद्योगिक कैंटीन – 150 सिलेंडर (6%)
पेइंग गेस्ट छात्र आवास – 150 सिलेंडर (6%)
डेयरी व फूड प्रोसेसिंग – 130 सिलेंडर (5%)
होमस्टे व स्वयं सहायता समूह – 130 सिलेंडर (5%)
कुल आवंटन: 2650 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर प्रतिदिन
जिलों के अनुसार गैस वितरण प्रतिशत
कमर्शियल गैस सिलेंडरों का वितरण जिलों में मौजूद गैस कनेक्शनों की संख्या के आधार पर तय किया गया है—
देहरादून – 31%
हरिद्वार – 13%
पिथौरागढ़ – 9%
नैनीताल – 6%
उत्तरकाशी – 5%
ऊधमसिंह नगर – 4%
पौड़ी – 4%
रुद्रप्रयाग – 4%
चमोली – 4%
बागेश्वर – 3%
टिहरी – 3%
अल्मोड़ा – 2%
चंपावत – 2%
तीन तेल कंपनियां करेंगी आपूर्ति
राज्य में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के माध्यम से की जाएगी। इन कंपनियों को बाजार में उनकी हिस्सेदारी के अनुसार सिलेंडर वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने सभी कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस व्यवस्था की जानकारी संबंधित जिलाधिकारियों को भी उपलब्ध कराएं और तय प्राथमिकता के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करें। इसका उद्देश्य पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी व्यवसायों को बिना बाधा संचालित रखना है, खासकर चारधाम यात्रा के दौरान गैस आपूर्ति में किसी तरह की समस्या न हो।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


