LPG सिलेंडर अपडेट: बुकिंग के नए नियम आ गए, जानिए क्या बदल गया!
“नए नियमों के बाद LPG सिलेंडर की डिलीवरी अब होगी अलग अंदाज में!
नई दिल्ली। देश में रसोई गैस की बढ़ती मांग और संभावित जमाखोरी को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने LPG सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। अब उपभोक्ताओं को नए सिलेंडर की बुकिंग के लिए तय समय का इंतजार करना होगा।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Singh Puri ने संसद में जानकारी देते हुए बताया कि गैस की मांग को संतुलित रखने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतर निर्धारित किया गया है।
शहरों में 25 दिन, ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतर
मंत्री ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद दूसरा सिलेंडर बुक करने के लिए कम से कम 25 दिन का अंतर रखना होगा। वहीं ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में यह अंतर लगभग 45 दिन तक रखा जा सकता है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
OTP के बिना नहीं होगी डिलीवरी
सरकार ने गैस वितरण में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) प्रणाली को भी मजबूत किया है। अब उपभोक्ता के मोबाइल पर आने वाले वन-टाइम कोड (OTP) के सत्यापन के बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी दर्ज की जाएगी। इससे गलत डिलीवरी और गड़बड़ी को रोकने में मदद मिलेगी।
कमर्शियल LPG पर भी निगरानी
सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई पर भी निगरानी बढ़ा दी है। तेल कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि औसत मासिक मांग के आधार पर सीमित मात्रा में ही कमर्शियल गैस आवंटित की जाए, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
LPG उत्पादन में बढ़ोतरी
सरकार के अनुसार देश में LPG की कमी नहीं है। हाल के दिनों में उत्पादन में लगभग 28 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है और अतिरिक्त आयात की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
LPG सिलेंडर बुकिंग के नियमों में 6 दिन में तीन बदलाव
6 मार्च: घरेलू LPG बुकिंग के लिए लॉक-इन पीरियड 21 दिन तय किया गया। इससे पहले कोई लॉक-इन नियम नहीं था।
9 मार्च: अचानक डिमांड बढ़ने के कारण शहरों में लॉक-इन पीरियड बढ़ाकर 25 दिन किया गया।
12 मार्च: ग्रामीण क्षेत्रों में बुकिंग गैप बढ़ाकर 45 दिन कर दिया गया, ताकि सिलेंडर की सप्लाई बेहतर ढंग से मैनेज की जा सके।
LPG सिलेंडर अब आसानी से बुक करें: WhatsApp, मिस्ड कॉल या SMS से
1️⃣ WhatsApp से बुक करें
Indane: अपने रजिस्टर्ड नंबर से 7588888824 पर ‘REFILL’ भेजें।
HP Gas: 9222201122 पर ‘Hi’ या ‘Book’ मैसेज करें।
Bharat Gas: 1800224344 पर ‘Hi’ या ‘Book’ भेजें।
2️⃣ मिस्ड कॉल से बुक करें
Indane: 8454955555
HP Gas: 9493602222
मिस्ड कॉल अपने रजिस्टर्ड नंबर से ही करें।
3️⃣ SMS से बुक करें
Indane: 7718955555 पर ‘REFILL’ SMS करें।
Bharat Gas: 7715012345 या 7718012345 पर ‘LPG’ भेजें।
SMS भी अपने रजिस्टर्ड नंबर से भेजें।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


