चम्पावत: गैस आपूर्ति को लेकर नई गाइडलाइन जारी, जानिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
जिला प्रशासन चम्पावत की अपील: गैस सिलेंडर के लिए 25 दिन का अंतराल और बुकिंग अनिवार्य
जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में गैस आपूर्ति को लेकर नई गाइडलाइन जारी
Champawat News- जनपद में घरेलू गैस (LPG) की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने और वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने आम जनता के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने चंपावत गैस सर्विस के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है, अतः उपभोक्ता अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिला प्रशासन की ओर से जारी अति आवश्यक सूचना के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:
अनिवार्य बुकिंग: गैस प्राप्त करने से पहले उपभोक्ताओं को निर्धारित नंबरों 7718955555 और 8454955555 पर बुकिंग करना अनिवार्य है। बिना बुकिंग के सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
DAC कोड की अनिवार्यता: बुकिंग सफल होने के बाद उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल पर 6 अंकों का डी.ए.सी. (DAC) कोड प्राप्त होगा। गैस प्राप्त करते समय यह कोड दिखाना अनिवार्य है, अन्यथा सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी जाएगी।
रीफिलिंग का अंतराल: नियमों के अनुसार, एक सिलेंडर लेने के बाद उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल के बाद ही दूसरे सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। इससे पहले की गई बुकिंग मान्य नहीं होगी।
अग्रिम बुकिंग व भुगतान पर रोक: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सिलेंडर की बुकिंग तभी करें जब वास्तव में आवश्यकता हो। अनावश्यक रूप से अग्रिम (Advance) बुकिंग या अग्रिम भुगतान न करें।
जिला प्रशासन चंपावत ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस सर्विस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। लोग किसी भी प्रकार की अफवाहों पर भरोसा न करें और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गैस एजेंसी संचालकों को भी निर्देशित किया है कि इन नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए ताकि प्रत्येक पात्र उपभोक्ता को समय पर गैस उपलब्ध हो सके और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण: कालाबाजारी रोकने हेतु प्रशासन सख्त
लोहाघाट और चंपावत में तहसीलदारों ने जाँचा स्टॉक, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
चंपावत। जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और संभावित कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में आज विभिन्न तहसीलों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बिना किसी असुविधा के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
लोहाघाट गैस एजेंसी पर तहसीलदार लोहाघाट मोहिउद्दीन के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने एजेंसी के स्टॉक रजिस्टर और गोदाम में मौजूद सिलेंडरों का मिलान किया। निरीक्षण में स्टॉक की स्थिति संतोषजनक और सही पाई गई। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक कमल उपाध्यक्ष और राजस्व उप निरीक्षक ऋषभ कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
चंपावत में तहसीलदार श्री बृजमोहन आर्या के नेतृत्व में गैस गोदाम में भी प्रशासन की टीम सक्रिय रही। यहाँ गैस लेने के लिए बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं एकत्रित हुए थे। प्रशासन द्वारा मौके पर शांति व्यवस्था कायम करते हुए उपभोक्ताओं की व्यवस्थित लाइन लगवाई गई, ताकि वृद्धों और महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय और पारदर्शिता के साथ ही गैस का वितरण किया जाए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी सिलेंडरों की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


