Nainital Weather: भारी बारिश के अलर्ट पर 2 सितंबर को स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद, आदेश जारी
भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते नैनीताल में 2 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे
भारी बारिश और आकाशीय बिजली के ऑरेंज अलर्ट के चलते डीएम ललित मोहन रयाल ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला; प्रशासन अलर्ट मोड पर
नैनीताल, 1 सितंबर 2026। नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के 2 सितंबर को भारी बारिश व आकाशीय बिजली के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 2 सितंबर, बुधवार को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए लिया गया है।

लगातार बारिश से प्रशासन अलर्ट मोड पर
जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश का दौर जारी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को सक्रिय रखा गया है।
मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ चौकियां सक्रिय
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। सभी चौकियों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है और जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
करीब दो दर्जन ग्रामीण सड़कें बंद
लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों पर मलबा आने से आवागमन प्रभावित हुआ है। जिलाधिकारी के अनुसार करीब दो दर्जन ग्रामीण सड़कें अवरुद्ध हैं। प्रभावित स्थानों पर जेसीबी और अन्य मशीनें तैनात की गई हैं। बारिश थमते ही बंद सड़कों को खोलने का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाएगा।
नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील
जिलाधिकारी ने नदी-नालों, जल स्रोतों और तेज बहाव वाले बरसाती नालों के किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और कॉजवे तथा बरसाती नालों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।
पर्यटकों और यात्रियों से भी सुरक्षित यातायात करने तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों और सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की गई है।
बंद सड़कों को खोलने के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को तत्काल बंद सड़कों को खोलने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


