Nainital Weather: भारी बारिश के अलर्ट के बीच कल स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश
भारी बारिश की चेतावनी के चलते नैनीताल जिले में 5 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक स्कूल बंद रहेंगे।
कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगा अवकाश; आवासीय विद्यालयों को आदेश से रखा गया बाहर
नैनीताल, 4 सितंबर 2026। मौसम विभाग की ओर से 5 सितंबर को नैनीताल जिले में अतिवृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने शनिवार, 5 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों तथा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 5 सितंबर को अवकाश रहेगा। मौसम विभाग ने जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है।
नदियों-नालों में बढ़ सकता है जलस्तर, भूस्खलन का खतरा
प्रशासन ने बताया कि तेज बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जल प्रवाह बढ़ सकता है। वहीं संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसी के मद्देनजर स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
आवासीय विद्यालयों पर लागू नहीं होगा आदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र के आवासीय शैक्षणिक संस्थानों तथा ऐसे विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। इन संस्थानों में पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संचालन होगा।
5 सितंबर को आठ जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 5 सितंबर को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इन आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


