नैनीताल: टूटा पहाड़ में खाई से लापता युवक का शव बरामद, जांच जारी
22 अप्रैल से लापता था युवक, एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद किया शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
नैनीताल। टूटा पहाड़ भवाली रोड क्षेत्र में लापता युवक का शव खाई से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। बीते 22 अप्रैल से लापता चल रहे युवक की तलाश में जुटी एसडीआरएफ टीम ने सोमवार को सर्च अभियान के दौरान उसका शव बरामद किया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है, वहीं परिजनों ने मामले में आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, दिनेश चंद्र उपाध्याय (लगभग 33 वर्ष), निवासी दुबड़ा, देवलीखेत, रानीखेत (जनपद अल्मोड़ा) 22 अप्रैल से लापता थे। उनकी तलाश में एसडीआरएफ द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। सोमवार को एसडीआरएफ टीम ने उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में सर्च अभियान के दौरान टूटा पहाड़ भवाली रोड पर मुख्य मार्ग से करीब 70 मीटर नीचे खाई में शव देखा। टीम ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू कर शव को बाहर निकालकर सिविल पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक हल्द्वानी मार्ग स्थित एक होटल में कार्यरत था और 22 अप्रैल की रात अपने साथियों के साथ नैनीताल आया था। उसी रात तल्लीताल क्षेत्र से उसके लापता होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। वहीं, परिजनों ने युवक के साथ आए साथियों पर हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम व अन्य रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


