नैनीताल: LPG-ईंधन सप्लाई सामान्य, अफवाह और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई — एसएसपी Manjunath TC
नैनीताल जनपद में एलपीजी व ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु
भ्रामक खबरें फैलाने वालों, कालाबाजारी करने वालों की होगी गिरफ्तारी
जनपद नैनीताल में चप्पे चप्पे पर सघन चेकिंग लगातार जारी

नैनीताल। मध्य एशिया में चल रहे तनाव के बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाहें फैलाई जा रही हैं। प्रशासन ने इन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जनपद नैनीताल में एलपीजी और अन्य ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सुचारु है। लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
प्रशासन के अनुसार, पूरे उत्तराखंड में 2–3 सप्ताह से अधिक का एलपीजी स्टॉक पहले से उपलब्ध है। उधमसिंह नगर और हरिद्वार स्थित बड़े बॉटलिंग प्लांट्स में लगातार उत्पादन जारी है। राज्य अपनी जरूरतों के साथ अन्य राज्यों को भी ईंधन की आपूर्ति कर रहा है।
एसएसपी ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी, जमाखोरी या ओवररेटिंग करने वाले डीलर्स व एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी, साथ ही दोषी एजेंसियों की डीलरशिप रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
जिले में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार चेकिंग कर रही हैं। थानों और सर्कल स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है, जिनमें तहसीलदार, एसडीएम और सीओ शामिल हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों और सप्लाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रही हैं।
एसएसपी ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और पैनिक बुकिंग न करें। किसी भी समस्या की स्थिति में नागरिक आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


