नैनीताल: आयुक्त दीपक रावत का खुर्पाताल दौरा, स्कूल विवाद सुलझाया—अवैध निर्माण पर सख्त एक्शन
विद्यालय गेट विवाद का मौके पर समाधान, झील किनारे निर्माण और कचरा फेंकने पर नाराजगी; अधिकारियों का वेतन रोकने और जुर्माने के निर्देश
नैनीताल- 31 मार्च, 2026: सचिव मुख्यमंत्री/आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत ने मंगलवार को खुर्पाताल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विगत जनसुनवाई में प्राथमिक विद्यालय खुर्पाताल परिसर के गेट पर ताला लगाने को लेकर आए प्रकरण के संबंध में भी स्थलीय निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों एवं विद्यालय के मध्य हो रहे विवाद का समाधान मौके पर किया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कुमाऊं आयुक्त ने प्राथमिक विद्यालय, राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पंचायत घर खुर्पाताल के साथ ही खुर्पाताल में स्थित प्राधिकरण की भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
आयुक्त ने बताया कि विगत जनसुनवाई में प्राथमिक विद्यालय खुर्पाताल के मुख्य गेट पर ताला लगाने को लेकर समस्या सामने आई थी, जिस पर मंगलवार को स्वयं विद्यालय पहुंचकर शिक्षा विभाग, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से वार्ता कर समस्या का मौके पर ही निराकरण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर के गेट पर नया ताला लगाया जाए, जिसकी 1-1 चाबियां प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पंचायत खुर्पाताल और परिसर में संचालित उद्यान विभाग कार्यालय के पास रहेंगी। आवश्यकता अनुसार सभी शासकीय कार्यों हेतु परिसर के मैदान का उपयोग कर सकेंगे।
भ्रमण के दौरान आयुक्त ने खुर्पाताल में स्थित जिला विकास प्राधिकरण की भूमि का भी निरीक्षण किया। मौके पर भूमि में कचरा डाले जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक और उप निरीक्षक को दो दिन के भीतर कचरा डालने वाले व्यक्तियों की पहचान कर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने खुर्पाताल झील के किनारे 30 मीटर परिधि में बनाए गए होटल एवं भवनों पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सचिव, जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल को निर्देश दिए कि क्षेत्र में तैनात सहायक अभियंता अभिषेक एवं अवर अभियंता बबीता का वेतन रोका जाए और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे होटलों और भवनों के चालान शीघ्र किए जाएं।
इसके अतिरिक्त झील से लगी प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को दो दिन के भीतर हटाने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को मौके पर निर्मित भवनों के नक्शों की जांच कर तत्काल चालान कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान स्थानीय निवासियों ने पानी की समस्या भी आयुक्त के समक्ष रखी, जिसके समाधान का आश्वासन दिया गया। इस दौरान आयुक्त प्राथमिक विद्यालय के बच्चों से भी मिले।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष जिला पंचायत देवकी बिष्ट, ग्राम प्रधान हंशी नेगी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी पी.एल. टमटा सहित क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


