कुमाऊं के शहरों में जलभराव से राहत की तैयारी, ड्रेनेज मास्टर प्लान को मिली मंजूरी
धामी सरकार के निर्देश पर बनी कमेटी की बैठक में प्रस्ताव स्वीकृत, कई शहरों के लिए करोड़ों की योजनाएं शासन को भेजी गईं
हल्द्वानी, 27 अप्रैल 2026: कुमाऊं मंडल के विभिन्न शहरों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में तैयार ड्रेनेज मास्टर प्लान को कमेटी द्वारा मंजूरी देते हुए शासन को भेज दिया गया है।
सोमवार को मंडलायुक्त कैंप कार्यालय हल्द्वानी में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अभियंताओं द्वारा सात शहरों के ड्रेनेज प्लान पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का स्थायी और दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नालों की चौड़ाई और गहराई वैज्ञानिक तरीके से तय की जाए तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जाए। साथ ही जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता देने और विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया कि प्रस्तावित योजनाओं के लागू होने से नालों की शत-प्रतिशत कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा वैज्ञानिक तरीके से जल निकासी हो सकेगी। इसके अलावा संभावित भू-कटाव और अनियंत्रित जल प्रवाह की समस्या में भी कमी आएगी।
बैठक में विभिन्न शहरों के ड्रेनेज प्लान की लागत और लंबाई की जानकारी भी दी गई। कपकोट में 10.14 किमी लंबाई के ड्रेनेज के लिए 37.28 करोड़ रुपये, बागेश्वर में 35.32 किमी के लिए 129.50 करोड़ रुपये और गरुड़ में 8.28 किमी के लिए 25.54 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया।
इसी प्रकार पिथौरागढ़ शहर के लिए 16.77 किमी लंबाई पर 87.85 करोड़ रुपये, टनकपुर के लिए 31.32 किमी पर 101.57 करोड़ रुपये तथा बनबसा में 25.60 किमी ड्रेनेज के लिए 66.57 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। इन सभी प्रस्तावों को समिति द्वारा संस्तुति प्रदान कर प्रमुख सचिव सिंचाई विभाग को भेज दिया गया है।
बैठक में सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अभियंता मौजूद रहे।
https://youtu.be/s-PJwd-pMZg?si=fzxGAxfteFWcvYjZ
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



उत्तराखंड: नकल पर सख्ती और पारदर्शिता पर फोकस, 17 मई परीक्षा के लिए नई SOP लागू