पूर्णागिरी मेला क्षेत्र में खाद्य विभाग का सघन अभियान, भंडारों से लेकर बाजार तक हुई जांच
चैत्र नवरात्र से पहले प्रशासन सख्त—भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी, नमूने जांच के लिए भेजे
चम्पावत, 24 मार्च 2026: आगामी चैत्र नवरात्र के पावन पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने टनकपुर स्थित पूर्णागिरी मेला क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
इस दौरान विभागीय टीम ने बूम, ठुलीगाड़, भैरव मंदिर और सेलागाड़ जैसे प्रमुख पड़ावों पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच की। विशेष रूप से ठुलीगाड़ और बूम क्षेत्र में आयोजित भंडारों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को परखा गया। साथ ही भंडारा आयोजकों को स्वच्छता और शुद्धता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मेला मार्ग पर स्थित भैरव मंदिर सहित अन्य क्षेत्रों के भोजनालयों और फास्ट फूड केंद्रों की भी जांच की गई। संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री को ढककर रखने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद टीम ने टनकपुर मुख्य बाजार में किराना दुकानों का निरीक्षण किया, जहां कुट्टू के आटे के स्टॉक और गुणवत्ता की जांच की गई। हालांकि किसी भी दुकान पर कुट्टू के आटे का विक्रय या भंडारण नहीं पाया गया, फिर भी व्यापारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने सेंधा नमक, पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर और मुरमुरा प्रसाद के तीन नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल मुख्य रूप से शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


