नैनीताल: दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने के निर्देश, जिला टेलीकॉम समिति की बैठक संपन्न
सभी दूरस्थ और शैडो/डार्क एरिया में संचार सुविधा सुनिश्चित
4G टावर स्थापना और भारत नेट परियोजना की समीक्षा
अधिकारियों को आपसी समन्वय और समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश
नैनीताल में सोमवार को जिला टेलीकॉम समिति की बैठक अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शैलेंद्र नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न संचार कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए और सभी को निर्देश दिए गए कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तथा शैडो/डार्क एरिया में संचार और मोबाइल कनेक्टिविटी सुचारू रूप से रखी जाए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत बाधा होने पर मोबाइल टावरों को 24 घंटे संचालित रखने के लिए सभी स्थानों में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध हो और टावरों को सोलर प्रणाली से भी संचालित रखा जाए।
बैठक में मंडलीय अभियंता दूरसंचार ने अवगत कराया कि पिछले वर्ष 48 स्थानों में 4G टावर स्थापित किए गए हैं, जो सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। दूसरे चरण में 10 नए 4G टावर स्थापित किए जाने हैं, जिनमें से 5 के लिए भूमि उपलब्ध हो गई है और शेष के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है। अपर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएसएनएल के अधिकारियों के साथ भूमि का संयुक्त निरीक्षण कर अभिलेख दूरसंचार विभाग को उपलब्ध कराएँ।
भारत नेट परियोजना के तहत जिले के विभिन्न स्थानों में फाइबर बिछाने की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण और संचार विभाग के अधिकारियों को समयबद्ध और समन्वयित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वर्तमान में 477 गांवों में से 288 गांवों में संचार सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है, शेष कार्य प्रगति पर है।
बैठक में जिओ और एयरटेल के प्रतिनिधियों द्वारा मोबाइल टावर स्थापना और भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव रखे गए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संबंधित उपजिलाधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर भूमि चयन कर प्रस्ताव तैयार करें और समय पर कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में मंडलीय अभियंता दूरसंचार विकास महरा, भारत नेट से परमिंदर, लोनिवि, सिंचाई, विद्युत, पीएमजीएसवाई, निर्माण एजेंसी के अधिशासी अभियंता और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विकास शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


