Haridwar News: चलती वॉल्वो बस में भड़की भीषण आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, 30 यात्री सुरक्षित
हाईवे पर आग की चपेट में आई वॉल्वो बस।
सर्वानंद घाट के पास हाईवे पर डीजल रिसाव से लगी आग, बस जलकर खाक; चालक की तत्परता से सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए
हरिद्वार,06 जून 2026। हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सर्वानंद घाट के सामने चलती वॉल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। चालक और परिचालक की सूझबूझ तथा पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से बस में सवार सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के कोटा निवासी 30 यात्रियों को लेकर लौट रही डबल डेकर वॉल्वो बस हरिद्वार से देहरादून होते हुए दिल्ली की ओर जा रही थी। सर्वानंद घाट के पास पहुंचते ही बस से डीजल रिसाव होने लगा। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी बस आग का गोला बन गई।
चालक-परिचालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
बस में आग लगते ही चालक और परिचालक ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल बस रोक दी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। उनकी तत्परता के चलते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि आग की वजह से यात्रियों का अधिकांश सामान बस के साथ जलकर राख हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम और अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंच गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
हाईवे पर लगी वाहनों की कतार
चलती बस में आग लगने की घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया और कुछ समय तक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया, जिससे जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
डीजल रिसाव को माना जा रहा आग का कारण
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि अग्निकांड में सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में बस से डीजल रिसाव के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
गनीमत रही कि चालक, परिचालक, पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


