हल्द्वानी: सांसद अजय भट्ट ने गौला पुल और शेरनाला मोटर पुल निर्माण का औचक निरीक्षण किया
सांसद ने एप्रोच रोड और सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति देखी, कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए
हल्द्वानी, 09 अप्रैल 2026: हल्द्वानी, नैनीताल और उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने गुरुवार को गौला पुल के सुरक्षात्मक निर्माण और उससे जुड़ी एप्रोच रोड का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शेरनाला में निर्माणाधीन आरसीसी मोटर पुल की प्रगति का भी जायजा लिया, जिसकी लागत ₹8 करोड़ 92 लाख 2 हजार रुपए है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि शेरनाला गर्मी में तो शांत रहता है, लेकिन वर्षा ऋतु में आम जनमानस का आर-पार करना मुश्किल हो जाता है। यह मार्ग हल्द्वानी से आदि कैलाश तक जाता है और चंपावत, पिथौरागढ़, धारचुला तथा नेपाल बॉर्डर तक आवागमन का मुख्य मार्ग है। इसी कारण इस स्थान पर मोटर पुल का निर्माण अति आवश्यक है। उन्होंने निर्माणाधीन कार्य को मानसून से पूर्व पूर्ण कर यातायात सुचारू करने के लिए लोनिवि पीआईयू खण्ड की अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए।
सांसद ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया और कहा कि कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण होना चाहिए। गोला रेलवे क्रॉसिंग के सड़क कार्यों के संबंध में सांसद ने लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी और रेलवे विभाग के इंजीनियरों को आवश्यक निर्देश दिए ताकि समन्वय से कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो।
पिछले वर्ष मानसून के दौरान गोला पुल और एप्रोच रोड को भारी क्षति पहुंची थी, जिसके कारण आवागमन प्रभावित हुआ था। सांसद ने क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त न करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने सूर्या नाला का भी निरीक्षण किया और स्थानीय अधिशासी अभियंता को वहां मोटर पुल निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इस दौरान हल्द्वानी मेयर गजराज सिंह बिष्ट, उत्तराखंड सरकार के अधिकारी ध्रुव रौतेला, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता हल्द्वानी आशुतोष, अधिशासी अभियंता लोनिवि पीआईयू बबीता सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


