हल्द्वानी: कालाबाजारी करते पकड़े गए इंडेन कर्मचारी, आयुक्त के निर्देश पर FIR दर्ज
गैस संकट के बीच प्रशासन सख्त, घटतौली और अवैध वितरण पर कड़ा एक्शन
हल्द्वानी, 30 मार्च 2026। पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालातों के चलते उत्पन्न गैस संकट के बीच नैनीताल जिला प्रशासन जहां एक ओर उपभोक्ताओं को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से गैस सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करने में जुटा है, वहीं कुछ कर्मचारियों की लापरवाही और कालाबाजारी की कोशिशें व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को सूचना मिली कि डहरिया स्थित महेंद्र फोटो स्टूडियो के पास इंडेन गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। मौके पर जांच में सामने आया कि गैस बांट रहे कर्मियों ने 10 भरे हुए सिलेंडर वहां छोड़ दिए और बिना खाली सिलेंडर लिए ही चले गए, जिससे संदेह गहरा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने ठेकेदार और संबंधित कर्मियों को तलब कर पूछताछ की, लेकिन कोई भी यह स्पष्ट नहीं कर पाया कि बिना खाली सिलेंडर लिए 10 भरे सिलेंडर एक साथ क्यों छोड़े गए। इसे कालाबाजारी की आशंका मानते हुए आयुक्त दीपक रावत ने केएमवीएन के महाप्रबंधक को आउटसोर्स कर्मचारी संदीप, प्रेमपाल सिंह ठाकुर और प्रमोद चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। कालाबाजारी और घटतौली की शिकायतों पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
औचक निरीक्षण के निर्देश, पारदर्शिता पर जोर
दीपक रावत ने केएमवीएन और संबंधित गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे नियमित औचक निरीक्षण करें और सिलेंडर वितरण प्रणाली पर कड़ी निगरानी रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


