हल्द्वानी: सोना और नगदी लेकर सुनार फरार , पीड़ित पहुंचे एसएसपी दरबार
कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित
Haldwani News- सोने के आभूषण बनाने के नाम पर धोखाधड़ी और जालसाजी कर फरार हुए एक सुनार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दर्जनों लोग बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। पीड़ितों ने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित कर फरार सुनार की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पीड़ितों ने बताया कि लामाचौड़ क्षेत्र में स्थित मां भगवती ज्वैलर्स का संचालन नरेंद्र सिंह रावत उर्फ नीरज और उनकी पत्नी पूजा रावत कर रहे थे। दोनों मूल रूप से ग्राम मोड़ी, ताड़ीखेत, अल्मोड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं। नरेंद्र सिंह बीते वर्षों से हल्द्वानी में रहकर क्षेत्र के लोगों से नए गहने बनाने, पुराने जेवर ठीक करने और सुरक्षित रखने के नाम पर सोना और नकदी ले रहा था।
शिकायती पत्र देने वाली मुखानी थाना क्षेत्र के गुजरौड़ा निवासी पुष्पा कन्याल ने बताया कि लामाचौड़ निवासी सुनार नरेंद्र उर्फ नीरज ने सोना और नगदी लेकर आभूषण बनाने का वादा किया था, लेकिन निर्धारित समय पर आभूषण नहीं दिए और 6 फरवरी से दुकान बंद कर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने नीरज को 20 ग्राम सोने का आभूषण बनवाने के लिए 1.85 लाख रुपये दिए थे और 8 फरवरी तक आभूषण देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उससे पहले ही आरोपी फरार हो गया।
इसके अलावा एसएसपी को पीड़ितों ने अलग-अलग तहरीरें सौंपी हैं। उनके अनुसार पूरन सिंह बोरा निवासी धुनी नंबर दो कठघरिया का 40.550 ग्राम सोना व 100 ग्राम का सिक्का, बसंती देवी निवासी देवपुर देवका लामाचौड़ का 21.280 ग्राम सोना व एक लाख रुपये, निर्मला निगल्टिया निवासी कुरियागांव लामाचौड़ का 20 ग्राम सोना, हेमलता दानू निवासी कठघरिया खेमपुर का 26.400 ग्राम सोना व 75 हजार की नकदी ली है उसने लोगों से नगद के साथ ही ऑनलाइन पेमेंट भी जमा कराई है
पीड़ितों के अनुसार जब आरोपी का मोबाइल नंबर मिलाया गया तो वह बंद मिला। इसके बाद जब वे उसके घर पहुंचे तो उसकी पत्नी ने सोना या पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि ज्वैलर्स की पत्नी ने साजिशन उसकी मुखानी थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले की जांच मुखानी थाना प्रभारी सुशील जोशी और एसओजी टीम को सौंपी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के साथ धोखाधड़ी और जालसाजी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


