हल्द्वानी: सीएम धामी की समीक्षा बैठक, मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन व बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम पर अहम निर्देश
सीएम धामी ने दिए मानव-पर्यटन संघर्ष के स्थायी समाधान, पर्यटन तैयारियों में तेजी और बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
हल्द्वानी, 11 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, सिंचाई तथा जमरानी बांध परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यान्वयन के सख्त निर्देश दिए।
पर्यटन सीजन एवं आधारभूत तैयारियां
आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने बैठक में आगामी पर्यटन एवं यात्रा सीजन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी आदि कैलाश यात्रा हेतु एक मई से जिला प्रशासन पिथौरागढ़ द्वारा इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे। आदि कैलाश मार्ग वर्तमान में सुचारू है। कैंचीधाम बाईपास निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जहां वैली ब्रिज का निर्माण भी प्रारंभ कर दिया गया है और 30 मई तक मार्ग सुचारू करने का लक्ष्य रखा गया है। मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण कार्य भी अगले 10 दिनों में प्रारंभ किया जाएगा।
मानव-वन्यजीव संघर्ष पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री धामी ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इनके स्थायी समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाए तथा तकनीकी उपायों का अधिकतम उपयोग कर दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग, अलर्ट सिस्टम और आधुनिक तकनीकों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीणों को जंगलों में जाने से रोकने के लिए ईंधन एवं आवश्यक संसाधनों की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। वन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन सुरक्षा और कानून व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, इसलिए पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और नैनीताल जैसे क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग और अलर्ट सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। यात्रा सीजन के दौरान नियमित चेकिंग अभियान चलाने और सभी पर्यटन स्थलों पर 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित किए जाने के मामले पर विशेष फोकस किया। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त एवं जिलाधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए कि इस संबंध में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए शीघ्र संशोधित एवं पूर्ण प्रस्ताव शासन को भेजा जाए।
उन्होंने कहा कि यह विषय लंबे समय से विचाराधीन है, इसलिए प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए ताकि स्थानीय लोगों को राजस्व गांव का लाभ शीघ्र मिल सके।
जमरानी बांध परियोजना एवं विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे पेयजल समस्या के समाधान के साथ-साथ भूजल स्तर में सुधार और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही विद्युत व्यवस्था को सुचारू रखने, पेयजल संकट से निपटने की तैयारी करने तथा गोलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम एवं यूयूएसडीए द्वारा संचालित विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
जनप्रतिनिधियों से संवाद
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, विभिन्न दायित्वधारी, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सीडीओ अरविंद पांडेय सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


