हल्द्वानी: सीएम धामी ने “रन फॉर अवेयरनेस” रैली को दिखाई हरी झंडी, नशे के खिलाफ दिया बड़ा संदेश
हजारों युवाओं की भागीदारी, सीएम बोले—यह दौड़ नहीं, नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का संकल्प

हल्द्वानी ,12 अप्रैल 2026। रविवार को हल्द्वानी में नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित “रन फॉर अवेयरनेस” रैली का शुभारंभ पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर किया। एमबी इंटर कॉलेज मैदान से शुरू हुई इस रैली में हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
रैली को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक मजबूत जन-संदेश है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे को ‘ना’ कहें और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, ताकि पूरे प्रदेश में सकारात्मक संदेश पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने नशे को “साइलेंट वार” बताते हुए कहा कि यह धीरे-धीरे युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है। कई बार मजाक में शुरू हुआ नशा गंभीर लत में बदल जाता है, जिससे न केवल व्यक्ति बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरित होकर राज्य सरकार मिशन मोड में कार्य कर रही है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के माध्यम से लगातार कार्रवाई की जा रही है और राज्यभर में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ जैसे प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि केवल कानून से यह लड़ाई नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए जन-जागरूकता और व्यक्तिगत संकल्प आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति यदि सही दिशा में आगे बढ़े, तो वह राज्य ही नहीं बल्कि देश के विकास में भी अहम भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को और मजबूत किया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


