हल्द्वानी: नकली सोना गिरवी रखकर बैंकों से लोन लेने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो बड़े ठग गिरफ्तार
Haldwani News- एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में पुलिस ने नकली सोना गिरवी रखकर बैंकों से गोल्ड लोन लेने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 111 ग्राम वजनी नकली सोने की चूड़ियां बरामद की हैं, जिन पर कूट रचित हॉलमार्क अंकित था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली और अल्मोड़ा में सक्रिय है, जो बेहद चालाकी से नकली आभूषणों को असली बताकर बैंकों से लाखों रुपये के लोन हासिल कर चुका है। बीते वर्ष 2024-25 में हल्द्वानी, बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक में जब बकाया गोल्ड लोन की आडिट प्रक्रिया हुई, तब बैंक अधिकारियों के होश उड़ गए। आडिट में खुलासा हुआ कि जिन आभूषणों को गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया गया था, वे नकली हैं। इस घोटाले के सामने आते ही संबंधित बैंकों की ओर से विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज कराए गए थे।
नकली सोने पर नकली हॉलमार्क लगाकर गोल्ड लोन लेते थे जालसाज, जांच में बैंक कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने एक संयुक्त टीम का गठन कर इन मामलों की जांच का जिम्मा दिया। जांच के क्रम में 28 मई को मुखबिर की सूचना पर हल्द्वानी पुलिस ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क के पास से दो आरोपियों अभिषेक सिंह नेगी और पवन सिंह फर्सवाण को गिरफ्तार कर लिया। इनकी तलाशी में नकली सोने की चूड़ियां मिलीं, जिन पर हॉलमार्क की नकली मुहर लगी थी। प्रयोगशाला परीक्षण में इन आभूषणों के नकली होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नकली सोना दिल्ली से मंगवाते हैं और उस पर फर्जी हॉलमार्क लगवाकर बैंकों को भ्रमित करते हैं। आरोपी इस नकली सोने को उन बैंकों में गिरवी रखते हैं, जहां सोने की गुणवत्ता की सघन जांच नहीं होती। लोन स्वीकृत होने पर वे रकम को आपस में बांट लेते हैं।
आरोपियों की पहचान अखिलेश सिंह नेगी तर्फ अक्कू निवासी ग्राम बसौली पोस्ट भैसोली थाना सोमेश्वर जिला अल्मोड़ा और पवन सिह फर्सवाण निवासी ग्राम व पोस्ट लीली थाना कपकोट जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह नेगी पर पहले से ही विभिन्न बैंकों से 60 से 70 लाख रुपये के प्रॉपर्टी, व्हीकल और गोल्ड लोन लेने का रिकॉर्ड है।
इसके अलावा पूर्व में फर्जी गोल्ड लोन के थाना हल्द्वानी, बनभूलपुरा और मुखानी में जो 06 मुकदमें दर्ज हुये हैं और उनमें जो अभियुक्त नामजद है, उनमें से अजहर वारसी, जोया अहमद, तरुण भारद्वाज, हरजिन्दर नरुला व मोहम्मद फिरोज उक्त सभी मुकदमों में शामिल/नामजद हैं उनकी जाँच भी इस मुकदमें में गिरफ्तार अभियुक्तों से की जा रही है। इसमें यह भी जांच की जा रही है कि इन फर्जी गोल्ड लोन के मामलों में बैंक द्वारा सोने को क्वालिटी जांचने की किस प्रकार की कार्यप्रणाली अपनाई गई है या इसमें बैंक के किसी कर्मी की संलिप्तता रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



Union Budget 2026: आम बजट में जनता के लिए क्या हुआ सस्ता-महंगा, वित्त मंत्री ने किए बड़े ऐलान