हल्द्वानी: कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश कर सेवानिवृत्त हुए 04 पुलिसकर्मी
एसपी हल्द्वानी ने सम्मान के साथ दी भावभीनी विदाई
हल्द्वानी, 31मार्च 2026: नैनीताल पुलिस परिवार के चार सदस्यों ने मंगलवार को अपनी लंबी और उत्कृष्ट सेवाओं के उपरांत विभाग से विदाई ली। इस अवसर पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में उपनिरीक्षक अभिसूचना हरीश चंद्र पंत एवं उपनिरीक्षक ना०पु० नरेंद्र सिंह रावत अधिवर्षता से सेवानिवृत्त हुए, जबकि मुख्य आरक्षी स०पु० उमेश चंद्र नयाल तथा अनुचर दीपा जोशी ऐच्छिक सेवानिवृत्ति पर विभाग से विदा हुए। कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा सेवानिवृत्त कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ प्रेषित शुभकामना संदेश से हुई।

विदाई के भावुक क्षणों में सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग के साथ बिताए गए यादगार पलों को याद किया। इस दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने कहा कि पुलिस कर्मियों द्वारा दी गई सेवाएं अनुकरणीय हैं और एक पुलिसकर्मी की सफलता के पीछे उसके परिवार का त्याग एवं समर्पण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, पौष्टिक आहार लेने और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को विभाग की ओर से शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उनके परिजनों ने भी अपने माता-पिता के विभाग और परिवार के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक चोरगलिया हरपाल सिंह, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, वाचक एसएसपी दान सिंह मेहता सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


