हल्द्वानी जंगल में दर्दनाक हादसा: मवेशी लेने गए वन गुर्जर की मौत, भालू हमले की आशंका
जंगल में मवेशी खोजने गए व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला, क्षेत्र में दहशत
हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। तराई पूर्वी वन प्रभाग के किशनपुर रेंज के जंगल में मवेशी लेने गए एक वन गुर्जर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद जंगली जानवर, खासकर भालू के हमले की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार चोरगलिया थाना क्षेत्र के जंगल में रविवार दोपहर वन गुर्जरों ने हाईवे से करीब पांच किलोमीटर अंदर एक क्षत-विक्षत शव देखे जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान मृतक की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद आरिफ शनिवार शाम अपनी भैंसों को वापस लाने जंगल गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। रविवार को खोजबीन के दौरान उनका शव जंगल के भीतर बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष हरपाल सिंह ने बताया कि शव पर जंगली जानवर के हमले के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। शरीर का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था, जिससे भालू के हमले की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना स्थल के आसपास पहले भी भालुओं की गतिविधियां देखी जाती रही हैं।
घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। साथ ही परिजनों को मुआवजे का आश्वासन दिया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


