नैनीताल: पहाड़ में गुलदार का आंतक बरकरार , एक और महिला को बनाया निवाला
Nainital News- नैनीताल जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला धारी ब्लॉक के खटियाखाल गांव से सामने आया है। यहां गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई घटना के बाद महिला के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं पिछले 15 दिन के भीतर हुई इस तीसरी दुखद घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगा देवी (35) पत्नी जीवन चन्द्र अपने घर के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। गुलदार महिला को पकड़कर करीब दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ जंगल में ले गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद महिला का शव बरामद किया गया।
घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और क्षेत्र में गुलदार/बाघ की लगातार सक्रियता के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि आतंकी गुलदार/बाघ को जल्द से जल्द पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल वन विभाग द्वारा इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने मृतक महिला के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
15 दिन के भीतर तीसरी घटना
नैनीताल जिले के पहाड़ी क्षेत्र में 15 दिन के भीतर यह लगातार तीसरी घटना हैं गुलदार द्वारा 15 दिनों में तीन महिलाओं को निवाला बनाया जा चुका है। इससे पहले भी बीती 26 दिसंबर को धारी के दीनी तल्ली में हेमा बरगली को गुलदार ने मार डाला था। विगत 30 दिसंबर को खन्स्यु के चमोली गांव में गुलदार ने चारा और लकड़ी लेने गई एक महिला को अपना निवाला बनाया था। हालांकि वन विभाग द्वारा पिंजरा लगाकर पिछले दिनों पहाड़पानी क्षेत्र में एक गुलदार को रेस्क्यू किया गया था। बावजूद इसके धारी ,भीमताल , ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों में गुलदार/बाघ की दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


