02 अप्रैल को चम्पावत में भव्य रोजगार मेला: 2000 पदों पर होगी सीधी भर्ती, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
लोहाघाट में लगेगा रोजगार का महाकुंभ: प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी चयन, 10 से 25 हजार तक वेतन
चम्पावत ,25 मार्च 2026: जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु 02 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला लोहाघाट स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि रोजगार मेले के सफल आयोजन हेतु सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में देश की 08 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनमें प्रमुख रूप से हेता ऑरगेनिक, पुखराज हेल्थकेयर, क्वैस क्रॉप, जेबीएम ग्रुप, गणेश प्रा.लि., नील मैटल, सनसेरा तथा स्पार्क मिंडा यूवा शक्ति फाउंडेशन शामिल हैं। इन कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 2000 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
मेले में प्रतिभाग हेतु शैक्षिक योग्यता का दायरा व्यापक रखा गया है। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, परास्नातक एवं बी.टेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं पद के अनुसार 10,000 से 25,000 रुपये प्रतिमाह वेतनमान प्रदान किया जाएगा।
चयनित युवाओं को चम्पावत के साथ-साथ पंतनगर, रुद्रपुर, नोएडा एवं हरियाणा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां, अद्यतन बायोडाटा एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि को प्रातः 10:00 बजे आयोजन स्थल पर उपस्थित हों।
मेले में प्रतिभाग करने के लिए ‘नेशनल करियर सर्विस पोर्टल’ (www.ncs.gov.in) पर पंजीकरण अनिवार्य है। साथ ही, अभ्यर्थियों को कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
अधिक जानकारी हेतु दूरभाष संख्या 05965-297303, 7830860575 एवं 8445855555 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


