Almora: पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर भव्य कार्यक्रमों की तैयारी, सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक
पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
10 सितंबर को अल्मोड़ा, खूंंट, रानीखेत और स्याल्दे में होंगे विभिन्न कार्यक्रम; प्रभात फेरी, पौधरोपण और सांस्कृतिक आयोजनों की रहेगी धूम
अल्मोड़ा, 2 सितंबर 2026: भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर 10 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्मोड़ा, खूँट, रानीखेत एवं स्याल्दे में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 सितंबर को प्रातः 7:00 बजे अल्मोड़ा नगर स्थित नंदादेवी मंदिर से पंडित गोविंद बल्लभ पंत पार्क तक विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद पंत पार्क में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। दोपहर में रैमजे इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जन्मस्थली खूँट में प्रातः 9:30 बजे ग्रामवासियों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों की सहभागिता से साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा पौधारोपण किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 10:30 बजे से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रानीखेत एवं स्याल्दे में भी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि खूँट में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित स्टॉल लगाए जाएं। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में उत्पादित स्थानीय वस्तुओं के स्टॉल भी खूँट में लगाए जाएंगे।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास केएन तिवारी, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, जयंती समारोह की विभिन्न समितियों के सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


