देहरादून: खंडहर में मिली युवती की लाश, मौत की वजह बनी पहेली
ड्रग्स ओवरडोज की आशंका, शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की भी जांच
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा इलाके में रिस्पना नदी किनारे एक खंडहरनुमा मकान में 26 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया ड्रग्स की ओवरडोज से मौत की आशंका जता रही है, हालांकि शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर चूना भट्टा के पास एक खंडहर में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान शिवानी अरोरा (26) निवासी पंचपुरी सूरज बस्ती, अधोईवाला, थाना रायपुर के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि शिवानी की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और वह लंबे समय से नशे की आदी बताई जा रही है। उसे तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया जा चुका था। परिजनों के मुताबिक उसे दोबारा हरिद्वार स्थित नशा मुक्ति केंद्र भेजने की तैयारी की जा रही थी।
परिजनों ने बताया कि शिवानी पिछले तीन-चार दिनों से घर नहीं लौटी थी। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
मौके पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत नशे की ओवरडोज से प्रतीत हो रही है, लेकिन युवती की आंख और पैर में चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


