चंपावत: सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण गौरव जोशी को जिलाधिकारी ने घर जाकर किया सम्मानित
साधारण परिवार के गौरव का IMA के लिए चयन, प्रशिक्षण के बाद बनेंगे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट
चंपावत, 09 अप्रैल 2026: संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया 114वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने की उपलब्धि हासिल करने वाले 21 वर्षीय गौरव जोशी को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया।
जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट रोड, डड़ा बिष्ट निवासी गौरव जोशी के घर पहुंचकर डीएम ने उन्हें और उनके माता-पिता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
गौरव मूल रूप से ग्राम बाराबाटी, नरियाल गांव के निवासी हैं। उनके पिता नारायण दत्त जोशी लोहाघाट में व्यापारी हैं, जबकि माता मीना जोशी आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ती के रूप में सेवाएं दे रही हैं। साधारण परिवार से आने वाले गौरव ने अपनी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है।
गौरव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत से प्राप्त की। वर्तमान में वे सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चंपावत परिसर से स्नातक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने एनडीए परीक्षा भी दी थी, लेकिन मेरिट सूची में स्थान नहीं मिल पाया था।
सीडीएस परीक्षा में सफलता के बाद गौरव का चयन भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के लिए हुआ है, जहां प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गौरव की उपलब्धि को जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है।
वहीं गौरव जोशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और निरंतर समर्थन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


