उत्तराखंड: गैस रिसाव से धमाका, महिला-बच्चा समेत 4 झुलसे, दो की हालत गंभीर
कृष्णा कॉलोनी ट्रांजिट कैंप में हादसा, 90% तक झुलसे घायलों को हायर सेंटर रेफर
माचिस जलाते ही हुआ जोरदार धमाका, गैस रिसाव को माना जा रहा कारण
उधम सिंह नगर, 31 मार्च 2026: जिले के कृष्णा कॉलोनी ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में मंगलवार सुबह गैस रिसाव के चलते हुए जोरदार धमाके ने एक परिवार को झुलसा दिया। हादसे में एक महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुल चार लोग आग की चपेट में आए हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
जानकारी के अनुसार, सुबह डायल 112 पर सूचना मिली कि एक मकान में गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद विस्फोट हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, डायल 112 टीम और अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंच गए। मकान में किराए पर रहने वाले लोकेश कुमार (32), उनकी पत्नी गोमती देवी (30) और 10 वर्षीय बेटा नीरज मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के अंदर गैस रिसाव हो रहा था और जैसे ही माचिस जलाई गई, अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे आग पूरे कमरे में फैल गई।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, इसी दौरान उसी मकान में रहने वाली मीरा देवी भी आग की चपेट में आकर झुलस गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि कमरे की दीवार तक क्षतिग्रस्त हो गई और आग तेजी से फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। इस दौरान घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल रुद्रपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने गोमती देवी और उनके बेटे नीरज को लगभग 90 प्रतिशत तक झुलसा हुआ बताया, जबकि लोकेश कुमार करीब 50 प्रतिशत तक झुलसे हैं। तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं मीरा देवी को आंशिक चोटें आई हैं।
अग्निशमन विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें और गैस की गंध आने पर किसी भी प्रकार की चिंगारी से बचें, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


