देहरादून: ब्रिगेडियर मर्डर केस में एनकाउंटर, दो बदमाश गिरफ्तार ,एक को लगी गोली
जोहड़ी गांव में देर रात मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
फायरिंग के बीच एक बदमाश घायल, पुलिस ने दोनों को दबोचा
देहरादून। राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को बदमाशों की लोकेशन की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने उनका पीछा किया। भागते हुए दोनों आरोपी गुनियाल गांव के जंगल की ओर पहुंच गए।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आरोपी शांतनु त्यागी निवासी सहारनपुर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा आरोपी मोहम्मद कावीश हुसैन निवासी मुजफ्फरनगर जंगल की ओर भाग निकला। खुद को घिरता देख कावीश हुसैन ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बीच पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है, जिससे बदमाश ने फायरिंग की थी। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल और एसपी सिटी लोकजीत सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश का हाल जाना। फील्ड यूनिट की टीम द्वारा मौके से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
ब्रिगेडियर हत्याकांड से जुड़ा मामला
यह पूरा मामला 30 मार्च की सुबह हुए सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़ा हुआ है। आरोपियों ने आपसी रंजिश के चलते सुबह सैर पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठ रही थी।
40 हजार के बिल से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि 29 मार्च की देर रात आरोपी कुठालगेट स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना-पीना करने पहुंचे थे। वहां करीब 40 हजार रुपये का बिल आने पर उन्होंने स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। विवाद बढ़ते-बढ़ते सड़क तक पहुंच गया।
अगली सुबह आरोपियों ने बार स्टाफ की फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए जोहड़ी गांव तक पहुंचे और चलती कार से फायरिंग कर दी। इसी दौरान गोली सैर कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर के सीने में जा लगी, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। ताजा मुठभेड़ के बाद अब कुल नौ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


