श्री केदारनाथ धाम पहुंचे डीएम-एसपी, परखीं यात्रा तैयारियां
धाम में पहुंचकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा, यात्रा को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में
बर्फ हटाने, यात्रा मार्ग दुरुस्त करने, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन युद्ध स्तर पर जुटा
रुद्रप्रयाग, 26 मार्च 2026: आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर द्वारा श्री केदार सभा के अध्यक्ष, बी.के.टी.सी. के प्रतिनिधियों तथा हक-हकूकधारियों के साथ केदारनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केदारनाथ धाम पहुंचकर संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यात्रा व्यवस्थाओं के दृष्टिगत बर्फ हटाने, यात्रा पैदल मार्ग दुरुस्त करने, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा मूलभूत सुविधाओं को पुनर्स्थापित किए जाने की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा आगामी 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रही है, जिसके दृष्टिगत प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में धाम क्षेत्र में लगभग 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिसे हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमों को लगातार सक्रिय किया जा रहा है। बर्फ हटने के साथ ही धाम में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी। साथ ही, यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं—जैसे पेयजल, विद्युत, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं आदि—समयबद्ध तरीके से पुनर्स्थापित करने हेतु लगातार टीमें भेजी जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो उन्होंने कहा ही जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुगम अनुभव प्रदान करने वाली हो।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि वर्तमान में केदारनाथ धाम में पुलिस के 3 तथा आईटीबीपी के 12 जवान तैनात हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पूर्व वर्षों के अनुभव एवं प्राप्त फीडबैक के आधार पर सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही, श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान श्री केदार सभा के अध्यक्ष एवं बी.के.टी.सी. सदस्य राजकुमार तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

एक्शन मोड में जिला प्रशासन, केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर ऊखीमठ में संपन्न अहम बैठक
केदारनाथ विधायक ने यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्था दुरूस्त करने के दिए निर्देश
सफल यात्रा में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा
आगामी चारधाम यात्रा के तहत श्री केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर केदारनाथ विधायक श्रीमति आशा नौटियाल की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के साथ ही स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, पूर्ति एवं अन्य विभागीय अधिकारियों सहित स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
विकास खंड सभागार ऊखीमठ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही केदारनाथ की विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर साल बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करना सुनिश्चित करे, ताकि श्री केदारनाथ यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों, व्यापार संगठन, होटल व्यवसायियों से श्री केदारनाथ यात्रा को लेकर सुझाव मांगे। उन्होंने बैठक में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न वर्ग के प्रतिनिधियों से पूर्व में संचालित यात्रा का फीडबैक भी लिया। साथ ही सफल यात्रा संचालन में सभी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने यात्रा मार्ग की सड़कों, पैदल मार्ग, बिजली और पानी की आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। यात्रियों के लिए पंजीकरण और ट्रैकिंग सिस्टम को और अधिक मजबूत करने तथा समूचे यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने यात्रा रूट पर मोटर मार्गों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सड़क व पैदल मार्ग को आगमी 15 अप्रैल तक पूर्ण रूप से दुरूस्त करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा की अवधि में जनपद में पर्याप्त मात्रा में ईंधन सहित खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित हो। साथ ही कामर्शियल गैस सिलेंडरों की औसतन खपत का अनुमान उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा श्री केदारनाथ पैदल मार्ग में अवस्थित स्वास्थ्य इकाइयों में आवश्यक उपकरण, मैन पावर की तैनाती व अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा पैदल यात्रा मार्ग में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों का रजिस्ट्रेशन, स्वास्थ्य परीक्षण व अन्य व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए। वहीं यात्रा मार्ग में पेयजल, विद्युत, शौचालय, शटल सेवा, सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने केदारनाथ यात्रा के दृष्टिगत आज आयोजित बैठक को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, उप ज़िलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, खंड विकास अधिकारी अनुष्का, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली सहित अन्य विभागीय अधिकारी, केदार सभा, होटल एसोसिएशन, घोड़े-खच्चर यूनियन, डंडी-कंडी समिति, व्यापार संघ ऊखीमठ, गुप्तकाशी, गौरीकुंड व केदारनाथ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


