बागेश्वर: सैनिक कल्याण विभाग की कार्यशैली पर जिलाधिकारी की नाराजगी, वेतन रोकने के निर्देश
त्रैमासिक बैठक में लापरवाही पर चेतावनी, अधिकारियों को प्रकरणों की समीक्षा और फॉलोअप सुनिश्चित करने के आदेश
बागेश्वर, 08 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने सैनिक कल्याण विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित त्रैमासिक बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय कार्यों में लापरवाही और बिना तैयारी के बैठक में उपस्थित होने पर कड़ी आपत्ति जताई।
जिलाधिकारी ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को आदेशित किया कि भविष्य में बैठक से पूर्व सभी संबंधित विभागों के साथ एजेंडा साझा किया जाए और प्रस्तुतिकरण की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने और उनके प्रकरणों की नियमित जानकारी देने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही विभाग को प्रत्येक माह आंतरिक बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा गया।
पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने भूमि विवाद के कारण लंबित दफौट-तल्ला डोबा तोक सड़क मार्ग प्रकरण का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को भी निर्देश दिए गए कि विवाद निस्तारित होते ही सड़क का एलाइनमेंट फाइनल किया जाए। इसके अलावा, बागेश्वर स्थित शहीद स्मारक की गरिमा बनाए रखने के लिए अधिशासी अधिकारी को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने एसडीएम गरुड़ को पूर्व सैनिक के भूमि विवाद के प्रकरण में विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं का नियमित फॉलोअप करने पर जोर दिया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, सैनिक कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


