बागेश्वर: खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को मिली रफ्तार, 28 प्रस्तावों को मंजूरी
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में बैठक, शिक्षा-स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं पर जोर
बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शासी परिषद समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान समिति ने उच्च प्राथमिकता के 19 तथा अन्य प्राथमिकता के 9 प्रस्तावों सहित कुल 28 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की। इन प्रस्तावों के लागू होने से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि आमजन को समय पर लाभ मिल सके।
उन्होंने निर्माणदायी संस्थाओं को सभी प्रस्तावों की तकनीकी स्वीकृति (TSE) अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। साथ ही 10 लाख रुपये से अधिक लागत वाले प्रस्ताव अधिशासी अभियंता द्वारा तैयार किए जाने और किसी भी प्रकार की डुप्लीकेसी से बचने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त इंटर कॉलेज विजयपुर के निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने और खनन गतिविधियों से क्षतिग्रस्त सार्वजनिक संपत्तियों की मरम्मत संबंधित पक्ष से सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विधायक पार्वती दास, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, जिला खनन अधिकारी नाजिया हसन सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


