देहरादून: रफ्तार का कहर, पेड़ से टकराई बाइक; हादसे में दो छात्रों की दर्दनाक मौत
तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, गंभीर रूप से घायल दोनों छात्रों की अस्पताल में मौत।
देहरादून। राजधानी देहरादून में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में DIT University के बी-फार्मा प्रथम वर्ष के दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शहर के धोरणपुल के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है। बाइक सवार देव कुमार पांडे (22) पुत्र राधे कुमार पांडे, मूल निवासी जिला जमुई, बिहार, अपने साथी रोनित विश्वास (19) पुत्र रतन विश्वास, निवासी दीमापुर, नागालैंड के साथ धोरणपुल से आईटी पार्क की ओर जा रहे थे। दोनों छात्र मसूरी रोड स्थित DIT University में बी-फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ाई कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि आईटी पार्क चौक से ठीक पहले आदर्श एन्क्लेव गेट के पास हल्के मोड़ पर अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार अधिक होने के कारण बाइक सीधे विपरीत दिशा में जाकर एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को मसूरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बाइक चालक देव कुमार पांडे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पीछे बैठे रोनित विश्वास के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन बुधवार सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
इस संबंध में राजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप रावत ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों छात्रों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।
घटना की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय के कई छात्र पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से साथ पढ़ने वाले छात्रों में गहरा शोक व्याप्त है और पूरे परिसर में शोक की लहर है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


