देहरादून: शादी समारोह के लिए गैस सिलेंडर पर नए नियम, 10 रुपये के स्टांप पर शपथ पत्र अनिवार्य
10 दिन पहले आवेदन अनिवार्य, अधिकतम 2 कमर्शियल सिलेंडर मिलेंगे
देहरादून में विवाह समारोह के लिए गैस सिलेंडर लेने के नियमों में बदलाव किया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशों के अनुसार अब शादी समारोह के लिए अधिकतम दो व्यावसायिक गैस सिलेंडर ही आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए आवेदनकर्ताओं को 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा।
शादी कार्ड और आधार कार्ड के साथ देना होगा शपथ पत्र
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी उप जिलाधिकारियों और खाद्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवेदन के साथ शादी का कार्ड, आधार कार्ड और 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र अनिवार्य रूप से लिया जाए। यह सिलेंडर अस्थायी रूप से दिए जाएंगे, जिन्हें उपयोग के बाद संबंधित गैस एजेंसी को वापस करना होगा।
जिला पूर्ति कार्यालय और तहसीलों में होगा आवेदन
आवेदन प्रक्रिया जिला पूर्ति कार्यालय, देहरादून नगर क्षेत्र तथा सभी तहसीलों के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में पूरी की जाएगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे विवाह समारोह से 10 से 12 दिन पहले आवेदन करें, ताकि समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।
75 आवेदन प्राप्त, एजेंसियों को 10% स्टॉक रखने के निर्देश
अब तक जिले में 75 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। प्रशासन ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने कुल स्टॉक का 10 प्रतिशत व्यावसायिक सिलेंडर इस व्यवस्था के लिए सुरक्षित रखें। साथ ही ऑयल कंपनियों को भी सिलेंडर की आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
छोटे उपभोक्ताओं के लिए 5 किलो सिलेंडर की व्यवस्था
छोटे दुकानदारों, विद्यार्थियों और श्रमिकों को गैस की समस्या न हो, इसके लिए 5 किलोग्राम के छोटे गैस सिलेंडर भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
LPG कालाबाजारी पर सख्ती: QRT की कार्रवाई में 4 घरेलू सिलेंडर जब्त
नगर निगम क्षेत्र में छापेमारी, शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) द्वारा एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र में छापेमारी के दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
13 शिकायतें दर्ज, हजारों उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति
कंट्रोल रूम नंबरों के माध्यम से अब तक 13 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के अनुसार जिले में एक दिन में लगभग 13,388 घरेलू और 807 व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए हैं। वर्तमान में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


