देहरादून गोलीकांड: रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत में 3 और गिरफ्तार, अब तक 7 आरोपी सलाखों के पीछे
बार विवाद से शुरू हुआ था झगड़ा, मॉर्निंग वॉक पर निकले ब्रिगेडियर को लगी थी गोली
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में 30 मार्च को हुए सनसनीखेज गोलीकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले घटना के दिन ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इस तरह अब तक इस मामले में कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
बेगुनाह ब्रिगेडियर की गई जान
यह घटना उस समय हुई जब 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच चल रही अंधाधुंध फायरिंग में एक गोली उन्हें लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस विवाद से उनका कोई लेना-देना नहीं था।
बार के विवाद से शुरू हुआ बवाल
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च की रात कुठालगेट स्थित एक बार में स्टाफ और ग्राहकों के बीच बिल को लेकर विवाद हुआ था, जो अगले दिन खूनी संघर्ष में बदल गया। 30 मार्च की सुबह दोनों पक्ष गाड़ियों से एक-दूसरे का पीछा करते हुए जोहड़ी गांव तक पहुंच गए और इस दौरान फायरिंग शुरू हो गई। इसी फायरिंग की चपेट में आकर ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की जान चली गई।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो बरामद की गई थी।
तीन और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम सामने आने पर कार्रवाई जारी रखते हुए आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी घटना के दौरान मौके पर मौजूद थे। एसपी सिटी प्रमोद सिंह के मुताबिक, फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले गिरफ्तार आरोपी
30 मार्च को पुलिस ने रोहित कुमार, निखिल मल्होत्रा, संदीप कुमार और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं। इनके कब्जे से पुलिस ने दो तमंचे (315 और .32 बोर), जिंदा कारतूस, खोखा और बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो बरामद की थी। साथ ही दोनों पक्षों की कारों को भी पुलिस ने कब्जे में लिया था।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


