देहरादून: प्रधानमंत्री के जनपद भ्रमण पर डीएम की समीक्षा, प्रशासन अलर्ट मोड
जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा
देहरादून, 08 अप्रैल 2026: प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इस संदर्भ में जिलाधिकारी सविन बसंल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री द्वारा 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से गढ़ीकैंट स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि संपूर्ण मार्ग पर लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुलिस विभाग को सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था तथा एमडीडीए को मार्ग और आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को सड़क मार्ग एवं कार्यक्रम स्थल पर सफाई, मोबाइल शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश मिले। मुख्य चिकित्साधिकारी को मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार, गणमान्य व्यक्तियों और आमजन के लिए सुव्यवस्थित बैठक और यातायात योजना की विस्तृत समीक्षा भी की गई। सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण कार्य निष्पादन के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी को जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी सुनिश्चित करने का निर्देश मिला।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम प्रवीण कुमार, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड तीरथपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह एवं कुमकुम जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी दीपक सैनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


