देहरादून: डीएम की क्यूआरटी अलर्ट, घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर 16 सिलेंडर जब्त
कालाबाजारी और दुरुपयोग पर प्रशासन का शिकंजा, एजेंसियों को पारदर्शिता के निर्देश
देहरादून, 31 मार्च 2026: जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान क्यूआरटी ने गैस की मांग, आपूर्ति, वितरण प्रणाली और होम डिलीवरी व्यवस्था की गहन जांच की। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत गैस उपलब्ध कराई जा रही है या नहीं।
संयुक्त टीम ने शिमला बायपास और चंद्रबनी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया, जहां अनियमितता पाए जाने पर 16 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों के मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी गैस एजेंसियों को वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और 100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 26 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिन पर जिला पूर्ति विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज जनपद में लगभग 10,803 उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर और 674 उपभोक्ताओं को व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में जिले में घरेलू एलपीजी के 31,536 और व्यावसायिक के 2,852 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। साथ ही मांग के अनुरूप गैस सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


