देहरादून: पीएम नरेन्द्र मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी, जिला प्रशासन अलर्ट
डीएम सविन बंसल की जोनल मजिस्ट्रेटों संग बैठक, सुरक्षा और समन्वय पर खास जोर
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को अंतिम समय तक सतर्क एवं समन्वित रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी जोनल अधिकारी अपने अधीन सेक्टर और नोडल अधिकारियों को दायित्वों के प्रति भली-भांति ब्रीफ करें तथा एक बार पुनः स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें। लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और पेयजल सहित सभी संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ सेफ्टी सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने विशेष दिशा-निर्देश देते हुए डाइस प्लान, साउंड सिस्टम, एलईडी, एंकरिंग और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य मंच के निकट ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स लाइन और प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा पंडाल में अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, जलपान, पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के तहत एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम के दिन सभी अधिकारी समय से अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहें और आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक प्रस्तावित भ्रमण मार्ग पर सुरक्षा, सुगमता और शांति व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही जॉलीग्रांट एयरपोर्ट और जीटीसी हेलीपैड की व्यवस्थाओं को भी सुचारू रखने को कहा गया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को सहारनपुर के गणेशपुर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर देहरादून में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने पूरे मार्ग को 13 जोनों में विभाजित कर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसपी लोकजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


