देहरादून: लॉ एंड ऑर्डर पर सख्त हुए मुख्य सचिव, रोड रेज और हुड़दंग पर कड़ा एक्शन के निर्देश
पीक ऑवर से लेकर वीकेंड तक पुलिस अलर्ट, बार टाइमिंग और पेट्रोलिंग पर विशेष जोर
देहरादून, 31 मार्च 2026: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर अहम बैठक की। हाल के दिनों में बढ़ती रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने साफ कहा कि देहरादून शहर और आसपास के इलाकों में पीक ऑवर, रात और सुबह के समय पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। एसएसपी को निर्देश दिए गए कि सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय रखते हुए डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाए।
बैठक में वीकेंड पर बढ़ती अव्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई। मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि देहरादून को किसी भी हाल में पार्टी और हुड़दंग का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस के साथ-साथ बार और रेस्टोरेंट संचालकों की जिम्मेदारी भी तय की गई है।
बार और रेस्टोरेंट के तय क्लोजिंग टाइम को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले बार संचालकों और अवैध रूप से संचालित बारों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, लापरवाह अधिकारियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
मुख्य सचिव ने होम स्टे की निगरानी पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में होम स्टे की मैपिंग कर उनकी नियमित जांच की जाए, ताकि टूरिज्म के नाम पर किसी तरह का दुरुपयोग न हो।
दिल्ली-देहरादून हाईवे के खुलने के बाद वीकेंड पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उन्होंने पहले से ही तैयार रहने को कहा। इसके अलावा, किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके।
बैठक में डीजीपी दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगौली, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


