देहरादून: मुख्यमंत्री धामी ने जुगमंदर हॉल का लोकार्पण, विकास योजनाओं की दी सौगात
पार्कों के विकास कार्यों का शिलान्यास, “विकास भी, विरासत भी” पर जोर।
1400 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर काम, शहर को आधुनिक बनाने की तैयारी।

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नगर निगम देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में जुगमंदर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। यह कार्य 2 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की लागत से सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के तहत किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण तथा नगर निगम क्षेत्र के छह स्थानों पर पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। देहरादून अपनी सांस्कृतिक पहचान को संजोते हुए तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में शहरी विकास, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से शहरों में जल आपूर्ति, सीवरेज, स्वच्छता और आवास सुविधाओं में सुधार हुआ है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना की गई है। शहर में 35 पार्क विकसित किए जा चुके हैं और केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित बड़ा पार्क तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना भी की गई है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून ने देश में 19वां स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से आवागमन और सुगम होगा। साथ ही ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड रोड की योजना भी तैयार की जा रही है।
उन्होंने नगर निगम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राजस्व संग्रहण में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। साथ ही अतिक्रमण हटाने और शहर को स्वच्छ रखने के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रामसिंह कैड़ा, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


