उत्तराखंड: पंतनगर में 119वें किसान मेले का आगाज इस दिन, सीएम करेंगे उद्घाटन
Pant Nagar Kisan Mela 2026: गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में 13 से 16 मार्च तक लगेगा चार दिवसीय अखिल भारतीय किसान मेला, देश-विदेश से पहुंचेंगे हजारों किसान।
350 से अधिक स्टॉलों पर उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र और पौधों की प्रदर्शनी
रुद्रपुर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में 13 से 16 मार्च तक 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में किसान हिस्सा लेने पहुंचेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार मेले में उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, फल-फूल और सब्जियों के पौधों सहित कृषि से जुड़ी नई तकनीकों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस बार मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें करीब 150 बड़े और कई छोटे स्टॉल शामिल होंगे।
मेले का शुभारंभ पुष्कर सिंह धामी करेंगे। इस अवसर पर गणेश जोशी और अजय भट्ट समेत कई जनप्रतिनिधियों के भी उपस्थित रहने की संभावना है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन चौहान ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी किसान मेले में किसानों को नई कृषि तकनीकों से अवगत कराया जाएगा। मेले के दौरान गांधी हॉल में गोष्ठियों का आयोजन होगा, जहां वैज्ञानिक किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती, फसल प्रबंधन और नई किस्मों की जानकारी देंगे।
इसके अलावा किसानों को विश्वविद्यालय के खेतों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जहां विशेषज्ञ वैज्ञानिक उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। मेले में आने वाले किसानों के लिए विश्राम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का अनुमान है कि चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में करीब 25 से 30 हजार किसान शामिल हो सकते हैं। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय द्वारा खरीफ और रबी सीजन से पहले वर्ष में दो बार किसान मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें देश-विदेश के किसान उन्नत बीज खरीदने और आधुनिक खेती की जानकारी लेने पहुंचते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


