नैनीताल: बिड़ला इंस्टीट्यूट भीमताल में ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य आगाज, सीएम धामी ने किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवनिर्मित भवन का किया उद्घाटन, युवाओं को आधुनिक शिक्षा और नवाचार के नए अवसर मिलने की कही बात

भीमताल (नैनीताल), 11 अप्रैल 2026। बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज, भीमताल में शनिवार को तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता और नवाचार की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति के हाथों में भारत का भविष्य सुरक्षित है और छात्रों को अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, केवल उसे सही दिशा देने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिड़ला संस्थान लंबे समय से उत्तराखंड के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है और आज यहां से निकले छात्र देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना और अटल इनोवेशन मिशन जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दे रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन लैब की स्थापना और कंप्यूटर विभाग के उच्चीकरण के लिए 50 लाख रुपये तथा ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर हेतु 50 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने भीमताल में उप तहसील, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, कोल्ड स्टोर, मिनी स्टेडियम और मण्डी निर्माण सहित कई विकास योजनाओं की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


