उत्तराखंड की लोकगायिका रिंकू राणा की सड़क हादसे में मौत, सीएम धामी ने जताया शोक
स्कूटी को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, भतीजी घायल
राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में देती थीं प्रस्तुति, असमय निधन से लोक कलाकारों में शोक
थारू जनजाति की उभरती लोक कलाकार थीं रिंकू राणा
Udham Singh Nagar News- उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जनपद अंतर्गत नानकमत्ता क्षेत्र की उभरती लोकगायिका रिंकू राणा की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। होली मनाकर मायके से लौटते समय उनकी स्कूटी को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनकी भतीजी भी जख्मी हो गई। अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने रिंकू राणा को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार नानकमत्ता के नौगजा क्षेत्र की निवासी और थारू जनजाति की उभरती लोकगायिका रिंकू राणा होली मनाने अपने मायके बिचपुरी नानकमत्ता गई हुई थीं। गुरुवार को वह अपनी भतीजी के साथ स्कूटी से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान ईंटों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रिंकू राणा को मृत घोषित कर दिया। उनकी भतीजी का उपचार जारी है। रिंकू राणा के शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा उपजिला अस्पताल लाया गया है।
36 वर्षीय रिंकू राणा अपने पीछे पति महेश सिंह और 9 वर्षीय बेटे निशांत सिंह को छोड़ गई हैं। उनकी ससुराल नानकमत्ता के पूरनगढ़ नौगला में है। रिंकू राणा थारू जनजाति के प्रसिद्ध लोक कलाकार बंटी राणा के सांस्कृतिक दल से जुड़ी थीं और राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति देती थीं। उनके निधन से परिवार सहित थारू जनजाति समाज और लोक कलाकारों में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थारू जनजाति की लोकगायिका रिंकू राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लोकसंस्कृति और लोकसंगीत के संरक्षण में रिंकू राणा का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। अपने गीतों के माध्यम से उन्होंने थारू समाज की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाई।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


