चम्पावत: ₹55.52 करोड़ के अत्याधुनिक साइंस सेंटर का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के लिए बनेगा प्रदेश का प्रमुख केंद्र
चम्पावत, 31 मार्च 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद चम्पावत का दौरा करते हुए लगभग ₹55.52 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित वैज्ञानिक गैलरियों और चार मंजिला साइंस कैंपस सुविधा का अवलोकन किया। इस कैंपस में 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यह केंद्र आवासीय वैज्ञानिक शिक्षा का भी महत्वपूर्ण स्थल बनेगा।
यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने बताया कि दो मंजिला साइंस गैलरी ब्लॉक में “फन साइंस गैलरी”, प्रदर्शनी कक्ष, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल और अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी गैलरी विकसित की जा रही है। इसके अतिरिक्त परिसर में 120 क्षमता वाला ऑडिटोरियम, 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम (इनर और आउटर डोम सुविधा सहित), तथा स्टाफ के लिए कॉन्फ्रेंस एवं डेवलपमेंट हॉल जैसी विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं भी स्थापित की जा रही हैं।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विद्यालयों के छात्रों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया और नन्हे वैज्ञानिकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साइंस सेंटर भविष्य में प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि विज्ञान के बिना विकास की परिकल्पना अधूरी है और इस केंद्र के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों एवं खगोल विज्ञान को समझने का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा किया जाए और निर्माण के दौरान पर्यावरणीय मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालयीन छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


