चारधाम यात्रा 2026: परिवहन विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में, 16 अप्रैल से हाईटेक चेक पोस्ट होंगे सक्रिय
वाई-फाई और एएनपीआर कैमरों से लैस चेक पोस्ट, ऋषिकेश में कंट्रोल रूम, आशारोड़ी और नारसन बॉर्डर पर रेस्ट पॉइंट, ग्रीन कार्ड व्यवस्था से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित
देहरादून, 09 अप्रैल 2026: आगामी 19 अप्रैल से प्रारंभ हो रही चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने हेतु 16 अप्रैल से विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चेक पोस्ट संचालित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और जिलाधिकारी के निर्देशन में आशारोड़ी, कटा पत्थर, कोठाल गेट, हर्बतपुर, ऋषिकेश, सत्यनारायण, तपोवन, भद्रकाली और सोनप्रयाग में स्थापित चेक पोस्टों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन चेक पोस्टों पर ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड और वाहनों की सघन जांच की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन टीमें भी सक्रिय रहेंगी।
ऋषिकेश को यात्रा का प्रमुख केंद्र मानते हुए वहां केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 0135-2743432 पर संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी के अनुसार, विभाग की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और 16 अप्रैल से सभी चेक पोस्ट पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगे।
हरबर्टपुर बस अड्डा और ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप पर स्थापित चेक पोस्ट यात्रा के दौरान जाम पर नियंत्रण रखने में अहम भूमिका निभाएंगे। आशारोड़ी और नारसन बॉर्डर पर रेस्ट पॉइंट विकसित किए जा रहे हैं, जहां बेड, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रदेश के बॉर्डर क्षेत्रों में एएनपीआर (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं। भद्रकाली, तपोवन, कटा पत्थर और नारसन बॉर्डर जैसे प्रमुख स्थानों पर ये कैमरे पूरी तरह क्रियाशील हैं, जिससे यात्रा के दौरान निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी होगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


