चम्पावत: टनकपुर-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग और बाईपास निर्माण में तेजी, सड़क की राइडिंग क्वालिटी बेहतर बनाने पर जोर
स्वाला क्षेत्र में सुधार कार्य अप्रैल अंत तक पूरा, टनकपुर से घाट तक सड़क की राइडिंग क्वालिटी बेहतर बनाने पर जोर। बाईपास की कटिंग और कल्वर्ट्स निर्माण में तेजी।
चम्पावत, 02 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की। बैठक में सड़कों की स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और यातायात को सुगम बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग ने अवगत कराया कि स्वाला क्षेत्र में चल रहे सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को अप्रैल माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करते हुए कार्य को गुणवत्ता के साथ संपन्न किया जाए।
जिलाधिकारी ने टनकपुर से घाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति को प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश दिए और कहा कि सड़क की राइडिंग क्वालिटी को बेहतर बनाया जाए, ताकि आमजन को सुगम और सुरक्षित आवागमन का लाभ मिल सके। अधिशासी अभियंता ने आश्वस्त किया कि यह कार्य 20 अप्रैल तक प्रारंभ कर दिया जाएगा।
बैठक में चम्पावत बाईपास के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्रस्तावित 9.8 किलोमीटर लंबी सड़क में से लगभग 4 किलोमीटर की पूर्ण कटिंग का कार्य संपन्न हो चुका है, जबकि 3 किलोमीटर में आंशिक (हाफ) कटिंग पूरी कर ली गई है। शेष कार्य आगामी एक माह के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, बाईपास मार्ग में प्रस्तावित कुल 50 कल्वर्ट्स में से 7 की कास्टिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर आकर्षक व्यू प्वाइंट और सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जाएं, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले और जनपद की प्राकृतिक सुंदरता को बेहतर ढंग से प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि जनपद में बेहतर सड़क अवसंरचना विकसित हो और आवागमन सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बने।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी वसुंधरा गर्ब्याल, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग दीपक जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


