Champawat News: सीएम धामी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान, उत्कृष्ट महिलाएं सम्मानित
सेवा संकल्प अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित करते जिलाधिकारी।
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां, जिलाधिकारी ने किया सम्मानित

चंपावत, 16 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को जनपद चम्पावत में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विकासखंड चम्पावत में सेवा दिवस के रूप में कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में सेवा, जनकल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। महिलाओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की और उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में चंद्रकला देवी, कमला देवी, मुन्नी देवी, लक्ष्मी खर्कवाल, रेखा ठाकुर, लीला खर्कवाल, शांति देवी, किरन महर, कविता देवी, रेनू खर्कवाल, जानकी जोशी, सरस्वती बोहरा, प्रेमा रावत एवं पार्वती ओली शामिल रहीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समूहों से जुड़कर महिलाएं स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित कर रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के साथ समाज के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं की उपलब्धियां अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से अपने उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन और आयवर्धक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देते हुए निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
“सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जनसेवा एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी पर बल दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़ी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के प्रयासों को सम्मान और पहचान प्रदान की गई।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, खंड विकास अधिकारी रमेश चन्द्र जोशी, सभासद, ग्राम प्रधान, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



दुख मनुष्य का सबसे बड़ा मित्र, जीवन की सच्चाई समझाता है: विजेंद्र पांडे गुरु जी