Champawat News: बागवानी से बदल रही किसानों की तकदीर, DM ने प्रगतिशील कृषकों को सराहा
चंपावत में प्रगतिशील किसानों से बागवानी और फल उत्पादन की संभावनाओं पर चर्चा करते जिलाधिकारी मनीष कुमार
अखरोट, प्लम, कागजी नींबू और सेब उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर, तारबाड़ व सोलर लाइट की मांग पर डीएम ने दिया सकारात्मक आश्वासन
चंपावत, 8 सितंबर 2028: जनपद के प्रगतिशील किसान हीरा सिंह कुंवर, ग्राम कमलेड़ी, रौसाल तथा भीम सिंह महर, ग्राम कठनौली ने मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र में बागवानी की संभावनाओं, फल उत्पादन तथा किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
किसानों ने जिलाधिकारी को बताया कि क्षेत्र की जलवायु एवं भौगोलिक परिस्थितियां फल उत्पादन के लिए बेहद अनुकूल हैं। यहां अखरोट, खुबानी, प्लम, कागजी नींबू और सेब सहित विभिन्न फल प्रजातियों का उत्पादन किया जा रहा है। किसानों द्वारा स्थानीय संसाधनों एवं परिस्थितियों का बेहतर उपयोग करते हुए बागवानी को आजीविका का मजबूत माध्यम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दोनों प्रगतिशील किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे किसान अन्य कृषकों के लिए भी प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि परंपरागत खेती के साथ फल उत्पादन एवं बागवानी को अपनाकर किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं। जनपद में बागवानी की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए अधिक से अधिक किसानों को इस दिशा में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस दौरान किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट की व्यवस्था किए जाने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही किए जाने का सकारात्मक आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रगतिशील किसानों को उद्यान एवं कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। बागवानी के विस्तार से जहां किसानों की आय में वृद्धि होगी, वहीं स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ जनपद की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


